जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस ने जताई चिंता, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर,29 जून (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने सोमवार को जारी बयान में बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन के समीप हुई हालिया हिंसक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की वारदातें कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं।
परविंदर सिंह ने कहा कि शहर में चाकूबाजी,चापड़बाजी और अन्य हिंसक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस वाहन से किसी व्यक्ति को बाहर निकालकर उस पर हमला किए जाने की बातें सही हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार कानून के शासन और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है, इसलिए किसी भी असामाजिक तत्व या अपराधी को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उनका कहना था कि निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ही आम लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहेगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि बढ़ते अपराधों की समीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करे,जिसमें अपराध नियंत्रण के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं को अपराध की राह से दूर रखकर मुख्यधारा से जोड़ने की रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि केवल दंडात्मक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
परविंदर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आम नागरिकों,महिलाओं,छात्रों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक