मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक, दिये निर्देश
रांची,29 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। साथ ही कई निर्देश दियाा।
बैठक में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य अवसंरचना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रिम्स-2 बिल्डिंग परियोजना की प्रगति एवं संरचनात्मक पहलुओं का अवलोकन किया। प्रोजेक्ट के ओवरव्यू को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया और भवन की संरचना को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं मरीज-हितैषी बनाने के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिया।
्र
मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों के चिकित्सकों से ऑनलाइन संवाद स्थापित कर आईसीयू में इलाजरत मरीजों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और चिकित्सकीय प्रबंधन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उपचार व्यवस्था को और बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित “मिनी सचिवालय” परियोजना की भी समीक्षा की। इस दौरान भवन की मुख्य संरचना, उपयोगिता एवं कार्यक्षमता को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने परियोजना को आधुनिक प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।
उक्त बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे