सेंट्रल मोहर्रम कमेटी ने 200 से अधिक प्रतिभागियों को किया सम्मानित
पश्चिमी सिंहभूम, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला सेंट्रल मोहर्रम कमेटी चाईबासा की ओर से मोहर्रम-2026 के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में पुरस्कार वितरण समारोह का मंगलवार को बड़ी बाजार स्थित उर्दू लाइब्रेरी के सभा कक्ष में किया गया।
समारोह में विभिन्न अखाड़ों, बाजा पार्टियों, ताजिया समितियों, खिलाड़ी दलों और बुजुर्ग एवं नन्हें बच्चे खिलाड़ियों को मेडल मोमेंटो के साथ सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं समारोह में आए अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर उनका अभिनंदन किया गया।
समारोह में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) संजय कुमार मुख्य अतिथि और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, अंजुमन इस्लामिया चाईबासा के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान और सामाजिक कार्यकर्ता आजम खान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष इस्तेखार अहमद उर्फ बंटी ने अतिथियों, विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों का स्वागत कर की। इसके बाद कमेटी के सचिव जफर नसीम ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने मोहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और अंजुमन इस्लामिया के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग, खिलाड़ियों के अनुशासन और कमेटी के सदस्यों के सामूहिक प्रयास से इस वर्ष का मोहर्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जफर नसीम ने कमेटी के सदस्यों विक्की खान, मोहम्मद दानिश, मोहम्मद एकलाख, मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ टोनी, इरशाद खान और तहसील अमीन के योगदान की सराहना की। उन्होंने अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद उर्फ बंटी की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि पंचमी से लेकर दशमी और पुरस्कार वितरण समारोह तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
मुख्य अतिथि संजय कुमार ने कहा कि सेंट्रल मोहर्रम कमेटी ने प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में मोहर्रम का आयोजन किया, जो सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कमेटी इसी तरह सामाजिक सौहार्द और अनुशासन के साथ कार्य करती रहेगी।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने कहा कि कमेटी और खिलाड़ियों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए मोहर्रम को सफल बनाया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई दी। अंजुमन इस्लामिया के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने भी प्रशासन और कमेटी के सहयोग की सराहना की।
समारोह में बाजा पार्टी, ताजिया, निशान, मसाला पार्टी, अनुशासन और खिलाड़ी दलों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। बाजा पार्टी में मस्तान टीम को प्रथम पुरस्कार मिला। इसके अलावा जान क्लब सहित सभी बाजा पार्टियों को सम्मानित किया गया। ताजिया प्रतियोगिता में अली सी, साहिल चौक, नीचे डाउन और रमजान सालों चौक की ताजिया समितियों सहित सभी ताजिया दलों को पुरस्कार दिए गए। खिलाड़ी दलों में कर्बला फाइटर, हुसैनी लश्कर, कर्बला कीपर्स, जुल्फेकार सेना, रोड मार्च उस्मान काजी पार्टी और डी लश्कर सहित अन्य टीमों को भी सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक