विश्व नवकार महामंत्र दिवस का भव्य आयोजन, 1000 से अधिक श्रद्धालु शामिल

 


रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) रांची चैप्टर की ओर से विश्व नवकार महामंत्र दिवस का द्वितीय संस्करण मारवाड़ी भवन में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इसमें 1000 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और कार्यक्रम प्रातः 7:30 बजे से 9:36 बजे तक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसके बाद णमोकार मंत्र की महिमा पर विचार व्यक्त किए गए तथा प्रख्यात गायक विशाल जैन ने भक्ति प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति अभय कुमार सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान अमित शाह के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया।

आयोजन का उद्देश्य वन वर्ल्ड, वन चैंट, टुगेदर फॉर पीस के संदेश के साथ विश्व शांति, सद्भावना और एकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम 106 से अधिक देशों में 6000 से अधिक केंद्रों पर एक साथ आयोजित होकर एक ऐतिहासिक पहल के रूप में सामने आया।

इस अवसर पर जीतो रांची के अध्यक्ष विशाल जैन, पूरणमल सेठी, सुभाष बोथरा, विनय नाहटा, सर्वेश जैन, एकता बड़जात्या, प्रदीप बाकलीवाल, विमल दासानी, अशोक सुराणा, प्रवीण छाबड़ा, राकेश जैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे