आकांक्षी जिले में सीधे लाभुकों तक पहुंचाएं योजना का लाभ : नीतू
रामगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार आकांक्षी जिलों में अमूल चूल परिवर्तन का लक्ष्य चाहती है। रामगढ़ भी इसी सूची में शामिल है। इस जिले में भी लाभुकों को हर योजना का सीधा लाभ मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार की संयुक्त सचिव नीतू प्रसाद ने सोमवार को रामगढ़ जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की।
दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को रामगढ़ पहुंची संयुक्त सचिव ने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, कौशल विकास एवं वित्तीय समावेशन सहित विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से संबंधित मुख्य प्रदर्शन संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की।
संयुक्त सचिव नीतू प्रसाद ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर परिवर्तन लाना है। सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक योजना और पहल का लाभ सीधे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई दे। उन्होंने बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय, सामुदायिक सहभागिता और कार्यों की प्रगति की समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की ओर से प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत किया गया। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आजीविका कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और शिक्षा में नामांकन बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी दी गई।
वहीं पोषण संबंधी सूचकांकों और कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार में आ रही चुनौतियों से भी अवगत कराया गया।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान संयुक्त सचिव नीतू प्रसाद ने जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, सक्षम केंद्रों, पंचायत भवनों और आजीविका प्रशिक्षण केंद्रों का भ्रमण करेंगी एवं लाभुकों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगी । यह दौरा आकांक्षी जिलों एवं प्रखंडों को विकास के मॉडल के रूप में विकसित करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश