भाजपा का 47वां स्थापना दिवस : सेवा, सम्मान और संगठन शक्ति का प्रदर्शन

 




रामगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर रामगढ़ कैंट मंडल में सेवा, समर्पण और संगठन की एकजुटता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, झंडोत्तोलन, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल रहीं।

महापुरुषों को नमन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई के साथ हुई। कार्यकर्ताओं ने सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और बाबू कुंवर सिंह की प्रतिमाओं की स्वच्छता कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।

झंडोत्तोलन में दिखा उत्साह

सुबह 9 बजे मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय के नेतृत्व में विधिवत झंडोत्तोलन किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

वरिष्ठ नेताओं का हुआ भव्य सम्मान

दोपहर 3 बजे नगर कार्यालय में जनसंघ काल के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान तिलक राज मंगलम, सूरज प्रसाद, युगल जायसवाल, सरदार जोगिंदर सिंह जग्गी, प्रभु दयाल खंडेलवाल और सागर भारती को शॉल ओढ़ाकर एवं भाजपा पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ नेताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन के शुरुआती संघर्षों को याद किया और युवाओं को प्रेरित किया।

‘आत्मनिर्भर भारत’ पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजय प्रसाद सिंह ने भाजपा के विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” और “लोकल फॉर वोकल” की पहल ने देश को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत निर्माता के रूप में स्थापित किया है।

दीपोत्सव और रंगोली से हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन दीप प्रज्वलन और आकर्षक रंगोली के साथ हुआ। इस दौरान कार्यालय परिसर को सजाकर उत्सव का माहौल बनाया गया और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

युवाओं को मिला संदेश

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों से सीख लेकर संगठन को और मजबूत बनाएं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में इला रानी पाठक, रंजन फौजी, महेंद्र प्रजापति, सरदार अनमोल सिंह, प्रो. आलोक कुमार, दीपक कुमार सोनकर, राजेश ठाकुर, महेश चौधरी, संतोष कुमार शाह, संजय श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक सौरभ जायसवाल, आकाश गुप्ता, सुमित कुमार, संतोष कुमार कुशवाहा, नरेश साव, किरण देवी, बिनु देवी, भानु देवी, बैजनाथ सिंह, अमर कुशवाहा, मिथिलेश मंडल, मणिशंकर ठाकुर, ब्रजेश पाठक, सुरेंद्र शर्मा, अमित ठाकुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश