लापता अंश–अंशिका की बरामदगी को लेकर भाजपा ने घेरा एसएसपी ऑफिस
रांची, 13 जनवरी (हि.स.)। रांची के धुर्वा इलाके से गत दो जनवरी से लापता मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कई दिन बीत जाने के बाद भी बच्चों के सुरक्षित नहीं मिलने से परिजनों के साथ-साथ शहर के लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। इस मामले को लेकर एसएसपी आवास घेराव कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने एकजुट होकर जिलाप्रशासन के समक्ष अपना आक्रोशपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
मौके पर भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घंटों तक एसएसपी कार्यालय का घेराव कर सरकार और प्रशासन को कानून-व्यवस्था बहाल करने का स्पष्ट संदेश दिया।
भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में हुए इस ऐतिहासिक जनाक्रोश कार्यक्रम में रांची के विधायक सी.पी. सिंह, हटिया के विधायक नवीन जयसवाल, भाजपा ग्रामीण जिला (पूर्वी) अध्यक्ष विनय महतो, ग्रामीण जिला (पश्चिमी) अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, रांची के पूर्व महापौर संजीव विजयवर्गीय सहित अन्य नेता मौजूद थे।
घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आज रांची की जनता भगवान भरोसे है। प्रशासन कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय उगाही में व्यस्त है। जमीन दलाली, बालू चोरी और दिखावटी हेलमेट चेकिंग तक ही इनका काम सीमित रह गया है। रोज हत्या, दुष्कर्म, डकैती और अपहरण की घटनाएं आम हो चुकी हैं। अंश–अंशिका का मामला सरकार और पुलिस की पूर्ण विफलता का प्रतीक है।
इस अवसर हटिया विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि जब राजधानी में मासूम बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। सरकार संवेदनहीन हो चुकी है। आज 12 दिन हो गए और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनकोन धुर्वा थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा चुप बैठने वाली नहीं है। बच्चों की सुरक्षित बरामदगी तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि यह सिर्फ दो बच्चों का मामला नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल है। प्रशासन की निष्क्रियता और सरकार की उदासीनता ने जनता को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे