भाजपा एसटी मोर्चा ने निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए निकाला कैंडल मार्च

 




रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी बेटी निशा भगत को न्याय दिलाने, मामले में नामजद आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 10 करोड़ रुपये मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, रांची महानगर ने कैंडल मार्च निकाला।

कैंडल मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, जेल चौक होते हुए भगवान बिरसा मुंडा पुराना जेल परिसर पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियां, तख्तियां, बैनर एवं पार्टी का झंडा लेकर निशा भगत को न्याय दिलाने के समर्थन में आगे बढ़े। पुराना जेल परिसर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्तियां अर्पित कर दिवंगत निशा भगत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि निशा भगत की मौत का मामला केवल एक परिवार का मामला नहीं बल्कि आदिवासी समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। भाजपा एवं आदिवासी समाज के लगातार आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की है, जो एक महत्वपूर्ण कदम है लेकिन सवाल यह है कि जब प्राथमिकी में नामजद आरोपित अजय तिर्की एवं ज्योत्सना केरकेट्टा के विरुद्ध मामला दर्ज है, तो अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है। आरोपितों का सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया देना और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, अनेक सवाल खड़े करता है।

साहू ने कहा कि पिठोरिया थाना प्रभारी को केवल लाइन हाजिर कर देना पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। निशा भगत ने अपनी मौत से पहले सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा और शिकायतें सार्वजनिक की थीं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त मांगो के पूरी होने तक भाजपा आंदोलन को करते रहेगी।

प्रदेश महामंत्री रेणु तिर्की ने कहा कि राज्य में आदिवासियों की हत्या और शोषण आम बात हो गया है। आदिवासियों की जमीन लगातार बिचौलियों की ओर से लूटी जा रही है। निशा भगत ऐसे बिचौलियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही थी। सरकार निशा भगत को न्याय दे अन्यथा आदिवासी समाज अब चुप बैठने वाला नहीं है।

कैंडल मार्च में अशोक मुंडा, प्रदीप लकड़ा, बलराम सिंह,जितेंद्र वर्मा, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी, विनय राज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे