उत्तराखंड : मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा ने साधा क्षेत्रीय संतुलन, कौशिक व खजान दास को फिर मिला मंत्री पद
देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड की धामी सरकार ने शुक्रवार काे मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। लंबे समय से विधायकों को इसकी प्रतीक्षा थी और लगातार मांग भी उठ रही थी। मंत्रिमंडल विस्तार में पांच विधायकों की मंत्री पद पर ताजपोशी हुई है। इन पांचों विधायकों को उनकी योग्यता व क्षेत्रीय संतुलन को साधते हुए मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मदन कौशिक व खजान दास पूर्व में भी भाजपा सरकार में मंत्री पद पर रहे हैं।
देहरादून राजपुर के विधायक खजान दास लगातार संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की भूमिका में लगातार योगदान रहा है। इसके अलावा उनकी सामाजिक और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी ने भी मंत्री पद तक पहुंचाया है। रुद्रप्रयाग जिले को भी धामी सरकार ने मंत्रिमंडल में स्थान दिया है। रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने आज मंत्री पद की शपथ ली। भरत सिंह चौधरी पहली बार विधायक बने और क्षेत्रीय विकास, सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
हरिद्वार शहर विधायक मदन कौशिक भाजपा के कदावर नेताओं में शामिल हैं। पूर्व में वे शहरी विकास मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। भाजपा वरिष्ठ नेताओं में शुमार मदन कौशिक कौशिक को मंत्रिमंडल में स्थान मिलने से राजनीति तौर पर भाजपा को मजबूती मिलेगी।
रुड़की के विधायक प्रदीप बत्रा ने भी आज शपथ ली। बत्रा पूर्व में नगर निगम मेयर भी रह चुके हैं और शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है। कुमाऊं मंडल की भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने छात्र जीवन से राजनीति की शुरूआत की। उन्होंने पंचायत और फिर विधानसभा तक का सफर तय किया। वे क्षेत्रीय विकास और जनसंपर्क के माहिर माने जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल