भाजपा कैंट मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित

 


रामगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। राजनीतिक गतिविधियों को गति देने और संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा के रामगढ़ कैंट मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह बबला की सहमति के बाद मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय द्वारा की गई।

नई कार्यकारिणी में समाज के विभिन्न वर्गों, वार्डों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिससे संगठन को व्यापक आधार देने की रणनीति स्पष्ट झलकती है। पार्टी का मानना है कि इस नई टीम के गठन से कैंट क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनसंपर्क अभियान को भी नई गति मिलेगी।

मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने अपनी टीम में उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्रियों सहित कुल 18 प्रमुख पदों पर नियुक्तियां की हैं। जिसमें मंडल के चार उपाध्यक्षों के रूप में संतोष कुमार शाह, अमित कुमार खेतान, विजेंद्र मुण्डा एवं विणु देवी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संगठन के महत्वपूर्ण पद मंडल महामंत्री के लिए ऋषिकेश सिंह और सौरभ जायसवाल को नियुक्त किया गया है। संगठनात्मक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मंडल मंत्रियों के रूप में किरण शर्मा, निशा सिन्हा, अमित ठाकुर और आकाश गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त सुमित कुमार अग्रवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। कार्यालय मंत्री के रूप में अमर भारती एवं सह कार्यालय मंत्री के रूप में जीतू गोप को दायित्व मिला है। मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी मुकेश तिवारी को मीडिया प्रभारी तथा दिनेश सिंह को सह प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। वहीं आईटी सेल संयोजक रोशन कुमार एवं सह संयोजक प्रेम कुमार को डिजिटल गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया संचालन का दायित्व सुदीप मिश्रा संभालेंगे।

मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि नई कार्यकारिणी पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूती के लक्ष्य को ध्यान में रखकर गठित की गई है। उन्होंने बताया कि जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार कार्यकारिणी की विस्तृत सूची जल्द ही जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश