चाकू से हमला कर हत्या की कोशिश, पूर्व सीएमपीडीआई जीएम की बहादुरी से भागे तीनों बदमाश

 


रांची, 25 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर में शुक्रवार देर रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने एक 65 वर्षीय कारोबारी के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया। अपराधियों ने कारोबारी को पंखे से लटकाकर मार डालने की धमकी दी और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। हालांकि पूर्व सीएमपीडीआई महाप्रबंधक (जीएम) एवं कारोबारी आलोक कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया, जिसके बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। आलोक कुमार अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें घर के भीतर किसी के आने और सामान टूटने-फूटने की आवाज सुनाई दी। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले तीन नकाबपोश अपराधी उनके कमरे में घुस आए। तीनों ने चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे।

कमरे में घुसते ही अपराधियों ने आलोक कुमार को धमकाते हुए कहा, तुम्हें लोगों से बहुत पंगा लेने का शौक है, आज तुम्हें पंखे से टांग देंगे। इसके बाद दो बदमाशों ने उनका दाहिना हाथ और तीसरे ने बायां हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान एक अपराधी ने चाकू से उनकी कलाई पर वार कर दिया। हमले में उनकी कलाई जख्मी हो गई और काफी खून बहने लगा।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आलोक कुमार ने साहस नहीं खोया। उन्होंने पूरी ताकत से अपराधियों का विरोध किया और खुद को उनकी पकड़ से छुड़ा लिया। इसके बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखा तलवार और चापड़ निकाल लिया। जैसे ही बदमाशों ने उन्हें हथियार के साथ अपनी ओर बढ़ते देखा, वे घबरा गए। तीनों अपराधी आनन-फानन में कमरे से बाहर निकले, सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचे और वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि अपराधियों ने जिस तरह सीधे कारोबारी को निशाना बनाया और धमकी दी, उससे यह घटना केवल चोरी या लूट की कोशिश नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हमला भी हो सकती है। पुलिस पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद, कारोबारी गतिविधियों और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

डीएसपी सदर संजीव बेसरा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे