निशा भगत प्रकरण पर एबीवीपी ने मुख्यमंत्री का फूंका पुतला
रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी नेत्री निशा भगत से जुड़े प्रकरण को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची महानगर के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
एबीवीपी ने आरोप लगाया कि राज्य की संस्कृति, सभ्यता और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण निशा भगत को प्रताड़ना झेलनी पड़ी और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सोशल मीडिया पर निशाना बनाकर उसके खिलाफ अभद्र सामग्री प्रसारित करना गंभीर मामला है।
ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। परिषद ने सवाल उठाया कि यदि किसी महिला और आदिवासी समाज से जुड़ी आवाज को इस तरह प्रताड़ित किया जाता है, तो यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि सम्मान, अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से भी जुड़ा सवाल है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और संबंधित प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल करने और सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में किसी तरह का पक्षपात नहीं होना चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परिषद ने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और निशा भगत को न्याय मिलना चाहिए।
मौके पर अंकित राज,हर्षित पांडे, तेजस्वी यादव, श्रीमय कुमार, ओम कुमार, अंशुल कुमार,विशाल कुमार,नारायण तिवारी,प्रियरंजन दुबे,अंशु कुमार, आकाश कुमार, प्रशांत सिंह, विपुल साहू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे