दामोदर नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत

 




रामगढ़, 22 मई (हि.स.)। नदी में नहाने के दौरान शुक्रवार को एक और युवक दामोदर नदी की गहराई में समा गया। इससे पहले भी दामोदर नदी में नहाने के दौरान दो बच्चों की मौत रविवार को ही हो गई थी। जिससे पूरे शहर में मातम पसर गया था। शुक्रवार को भदानीनगर ओपी क्षेत्र के चैनगड्डा में गेरवाटांड के निकट दामोदर नदी में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बरकाकाना ओपी क्षेत्र के घुटूवा बाजार टांड निवासी सयूब अंसारी के पुत्र समीर अंसारी के रूप में की गई है।

दो दोस्तों के साथ नहाने गया था समीर

जानकारी के अनुसार समीर अंसारी अपने दो दोस्त मो. आरिफ और हसन अंसारी के साथ दामोदर घाट आया था। चिलचिलाती गर्मी के बीच तीनों युवक नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान नहाने के क्रम में समीर का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की ओर चला गया। समीर को डूबता देख उसके दोनों साथियों ने शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। हालांकि, जब तक लोग मदद के लिए नदी में उतरते, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

शव की तलाश कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी प्रभारी मो अख्तर अली दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने समीर के साथ आए दोनों दोस्तों से मामले की पूरी जानकारी ली। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी में समीर की खोजबीन शुरू की। हादसे की खबर फैलते ही समीर के परिजन सहित सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

भदानी नगर से रामगढ़ तक ढूंढ रहे गोताखोर

घंटों की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद भी समीर की लाश नहीं मिली। रामगढ़ थाना पुलिस और भदानीनगर ओपी पुलिस संयुक्त रुप से खोज अभियान में शामिल है। रामगढ़ थाना केेे सब-इंस्पेक्टर जॉनी कुमार ने बताया कि पतरातू से गोताखोर बुलाकर शव की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक शव नहीं मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश