झारखंड में अब तक 859 मिमी बारिश रिकॉर्ड, सबसे अधिक पश्चिमी सिंहभूम में हुई बरसात

 


रांची, 11 सितंबर (हि.स.)। राज्य भर में 01 जून से 11 सितंबर तक 890.6 मिलिमीटर के मुकाबले 859.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। यह सामान्य से तीन प्रतिशत कम है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी।

विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम में 1298.6 मिमी रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 45 प्रतिशत अधिक है। वहीं राज्य में सबसे कम बारिश पाकुड़ जिले में 520.9 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 48 प्रतिशत कम है। साथ ही साहिबगंज, कोडरमा, गुमला, चतरा, देवघर और गिरिडीह में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश दुमका जिले के गोपीकांदर में 93.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान दुमका में 33.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से वातावरण में ठंड का एहसास हुआ।

वहीं, शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.3 और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak