रांची विश्वविद्यालय में उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस
रांची, 15 अगस्त (हि.स.)।
रांची विश्वविद्यालय के मुख्यालय और बेसिक साइंस परिसर में शनिवार को 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने विश्वविद्यालय परिवार के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने कहा कि हम सभी कलम के सिपाही हैं। हमारा दायित्व है कि रांची विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएं। हमें अपनी कलम की लाज रखते हुए ज्ञान, शोध और नवाचार के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना है।
उन्होंने कहा कि रांची विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में अनेक शोध परियोजनाएं संचालित हैं और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय रोजगारपरक और कौशल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ विज्ञान, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्र निर्माण में भाषा और संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका
कुलपति ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में भाषा और संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि रांची विश्वविद्यालय देश के चुनिंदा विश्वविद्यालयों में शामिल है जहां जनजातीय भाषा विभाग संचालित है। झारखंड जैसे जनजातीय बहुल राज्य में यह विभाग जनजातीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और अध्ययन-अध्यापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में शोध गतिविधियों को और सशक्त बनाने के लिए अनुसंधान सुविधाओं और वित्तीय संसाधनों में वृद्धि की जाएगी, ताकि शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और अनुकूल शोध वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कुलपति ने कहा कि यह दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं पूर्वजों के त्याग और बलिदान की स्मृति दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि रांची विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक संकल्प और समर्पण के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि भारत ने ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और विभिन्न क्षेत्रों में विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। आने वाले वर्षों में देश के साथ-साथ रांची विश्वविद्यालय भी शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
समारोह में विश्वविद्यालय के सभी वरीय पदाधिकारी, डीन, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण और विश्वविद्यालय की प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak