लोक अदालत में 40 मामलों का निष्पादन, 70 हजार राजस्व की प्राप्ति

 


रामगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। झालसा के निर्देश पर रामगढ़ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मो तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन में आयोजित लोक अदालत में कुल 40 मामलों का निपटारा किया गया। इस दौरान 70 हजार रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। डालसा के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि विभिन्न विधिक विषयों से जुड़े हुए मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत आयोजित किया गया था।

इन मामलों का हुआ निष्पादन

प्रमुख रूप से पारिवारिक विवाद, विद्युत अधिनियम से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवाद, नागरिक एवं आपराधिक अपीलें, बैंक एवं बीमा से जुड़ा मामला, राजस्व संबंधित मामला, चेक बाउंस और मोटर वाहन वाद के मामले की सुनवाई हुई। लोक अदालत में वैकल्पिक विवाद समाधान प्रक्रिया अपनाई गई, जहां आपसी सहमति से मामलों का निपटारा हुआ।

लोक अदालत में बनाए गए थे पांच बेंच

लोक अदालत में पांच बेंच बनाए गए थे। पहले बेंच में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजीव आनंद एवं पैनल अधिवक्ता शिवनाथ ठाकुर, बेंच नंबर 2 में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव एवं पैनल अधिवक्ता कौशल कुमार सिंह, बेंच नंबर 3 में अपर मुख्य न्यायाधीश अधिकारी अरविंद कचछप एवं पैनल अधिवक्ता मनीष कुमार, बेंच 4 में सिविल जज सीनियर डिवीजन द्वितीय शिवेंदु द्विवेदी एवं पैनल अधिवक्ता अमरनाथ बंका, बेंच नंबर पांच में न्यायिक डंडा अधिकारी प्रथम आयशा सिंह सरदार एवं पैनल अधिवक्ता मोहन महतो शामिल थे।

आपसी सहमति से वाद का हुआ निपटारा

डालसा सचिव ने बताया कि लोक अदालत में मामलों के निष्पादन के बाद लोगों को काफी सहूलियत होती है। उन्हें शीघ्र समाधान मिलता है और न्यायालय शुल्क की भी बचत होती है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच संबंध में भी सुधार होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश