सेवा संकल्प के 25 वर्ष, 7 अक्टूबर को घुटुवा में ‘सेवा ज्योति यात्रा’
रामगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 07 अक्टूबर बुधवार को घुटुवा स्थित सीसीएल मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का जिला स्तरीय कार्यक्रम होगा।
जिलेभर से कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह बावला ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न मंडलों से पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंच-मोर्चों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सेवा और सुशासन का संदेश पहुंचाने की तैयारी
भाजपा के अनुसार, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों, जनभागीदारी कार्यक्रमों और संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, सेवा और सुशासन से जुड़े विषयों की जानकारी भी लोगों के बीच साझा करने की तैयारी है। कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
मंडल से बूथ तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी
जिला स्तरीय कार्यक्रम को व्यापक बनाने के लिए भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चों को भी सक्रिय किया गया है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क कर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी नेताओं के अनुसार, जिले के सभी मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के घुटुवा पहुंचने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश