साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
जम्मू, 28 जुलाई (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज (जीडीसी) रामगढ़ में छात्रों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मीरू अबरोल के मार्गदर्शन में किया गया जबकि इसका समन्वय शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के निदेशक अशोक कुमार ने किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को साइबर धोखाधड़ी, फिशिंग, पहचान की चोरी, ऑनलाइन वित्तीय ठगी, साइबर बुलिंग तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे बढ़ते साइबर खतरों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने तथा इंटरनेट और डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
अशोक कुमार ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने छात्रों से ऑनलाइन जानकारी की पुष्टि करने, अज्ञात स्रोतों के साथ गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया और डिजिटल संचार माध्यमों पर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों से सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित संवादात्मक सत्र में छात्रों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा अपने समुदाय में भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा