सर्दियों में लद्दाख में चुनाव के विरोध में करगिल में बंद, कैंडल मार्च निकालने की घोषणा

 


करगिल, 10 नवंबर (हि.स.)। लद्दाख के करगिल क्षेत्र में मंगलवार को पूरी तरह से बंद रहा। लाेगाें ने सर्दियों के महीनों में होने वाले 'लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद' (लद्दाख) के चुनावों को टालने और हाल ही में पूरी हुई परिसीमन प्रक्रिया की समीक्षा किये जाने की मांगाें काे लेकर बंद आयाेजित किया था।

पूरे करगिल में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सड़कों पर आवाजाही बहुत कम रही। एहतियात के तौर पर विभिन्न इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

'करगिल डेमोक्रेटिक एलायंस' (केडीए) के बैनर तले विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक संगठनों, व्यापारिक निकायों और नागरिक समाज समूहों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को इस बंद की घोषणा की थी। उन्होंने पहाड़ी परिषद चुनावों के प्रस्तावित समय, परिसीमन में हुई अनियमितताओं और केंद्र शासित प्रदेश में लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के विरोध में 'लोकतंत्र बचाओ' कैंडल मार्च निकालने की भी घोषणा की।

लद्दाख से लोकसभा सांसद मोहम्मद हनीफा ने शनिवार को इस मामले पर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को एक पत्र लिखा था।

हनीफा ने कहा कि लद्दाख की विशिष्ट भौगोलिक और मौसमी स्थितियां, खासकर करगिल और लेह जिलों में सर्दियों के दौरान मतदाताओं के लिए गंभीर चुनौतियां पैदा करती हैं। उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी, शून्य से नीचे का तापमान, मुख्य सड़कों का बंद होना और परिवहन व संचार व्यवस्था में बार-बार आने वाली रुकावटों के कारण दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।

सांसद ने कहा कि सर्दियों के दौरान हजारों लोग जिनमें बुजुर्ग, व्यापारी, कारोबारी और छात्र शामिल हैं अक्सर गर्म इलाकों में चले जाते हैं। इसके अलावा कई छात्र उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लद्दाख से बाहर रहते हैं।

उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों पर ध्यान दिए बिना इस दौरान चुनाव कराने से पात्र मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग करने के अवसर से वंचित रह सकता है।

हनीफा ने द्रास, ज़ंस्कार और चांगथांग जैसे दूर-दराज के इलाकों में आने वाली लॉजिस्टिक चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव की योजना बनाते समय लद्दाख की विशाल दूरियों, बिखरी हुई बस्तियों और सर्दियों में सीमित कनेक्टिविटी को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

मतदाता सूची में सुधार के लिए बहुत कम समय होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को अपना पंजीकरण कराने और अपने विवरणों की पुष्टि करने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए। सांसद ने उपराज्यपाल से आग्रह किया कि सर्दियों से जुड़ी मुश्किलें कम होने तक चुनाव टाल दिए जाएं। उन्होंने मतदाता सूची में व्यापक और पारदर्शी सुधार सुनिश्चित करने तथा चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देने से पहले चुने गए प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और अन्य हितधारकों से परामर्श करने की भी मांग की।

केडीए ने 'लोकतंत्र बचाओ' के बैनर तले रात को कैंडललाइट मार्च निकालने की घोषणा की है। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन में अनियमितताएं बरती गई हैं।

केडीए के सह-अध्यक्ष सज्जाद कारगिली ने लद्दाख के सांसद हाजी हनीफा जान और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर बताया कि बंद शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। हालांकि चिकित्सा सुविधाओं, जलापूर्ति और स्कूल बसों जैसी आवश्यक सेवाओं को इस बंद से बाहर रखा गया है।

केडीए ने प्रशासन पर एकतरफा फैसले थोपने और परिसीमन तथा चुनाव के प्रस्तावित समय को लेकर जनता की चिंताओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

लेह एपेक्स बॉडी के अध्यक्ष शेरिंग दोरजे ने भी मांग की कि लद्दाख में चुनाव अप्रैल-मई तक टाल दिए जाएं और निर्वाचन क्षेत्रों का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए परिसीमन प्रक्रिया की समीक्षा की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह