श्री गुरु रविदास सभा की बैठक में संगठन विस्तार और सामाजिक गतिविधियों पर मंथन
जम्मू, 09 जुलाई (हि.स.)। अखिल जम्मू-कश्मीर श्री गुरु रविदास सभा मुख्यालय कृष्णा नगर जम्मू की कार्यकारिणी, कार्य समिति और सलाहकार समिति की संयुक्त बैठक गुरुवार को सभा परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष इंजीनियर आर.सी. भसीन ने की जिसमें संगठन की वर्तमान गतिविधियों, प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में सभा के कार्यों और संगठनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कई सुझाव दिए गए। सदस्यों ने जम्मू संभाग की विभिन्न गुरु रविदास सभा शाखाओं और केंद्रीय सभा के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग बढ़ाने पर बल दिया ताकि सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से संचालन किया जा सके।
बैठक में हाल ही में शुरू की गई ओपीडी सेवाओं, सभा भवन की छत पर वाटरप्रूफिंग कार्य पूरा होने तथा कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए जल्द ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने की योजना की सराहना की गई। इसके अलावा बताया गया कि सभा की पुस्तकालय परियोजना अंतिम चरण में है और समुदाय के लोगों से इसका लाभ लेने के लिए सभा कार्यालय में पंजीकरण कराने की अपील की गई। सभा अध्यक्ष इंजीनियर आर.सी. भसीन ने कहा कि सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में महासचिव तरसेम लोच, प्रो. सी.एल. शिवगोत्रा, प्रो. जी.एल. थापा, इंजीनियर जोगिंदर पाल, तारा चंद, सुरजीत सिंह हीर, कुलदीप थापा, मदन लाल, अनुराग कारलुपिया, देशराज संग्राल, रंगेश हंस, महेश शिवगोत्रा, बिहारी लाल डिर्गरा, दर्शन कुमार, अजीत कुमार, प्रभ दयाल सहित कार्यकारिणी और सलाहकार समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा