विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर कठुआ में पत्रकार सम्मान समारोह, सच्चाई और निष्पक्षता का लिया संकल्प
कठुआ, 05 मई (हि.स.)। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कठुआ स्थित टाइनी स्कॉलर स्कूल प्रबंधन द्वारा जिले के पत्रकारों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष गुप्ता ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित पत्रकारों को बैच पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। स्कूल के विद्यार्थियों ने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करते हुए डिजिटल युग में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में व्यूज और फॉलोअर्स की दौड़ में कई बार निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।
वहीं पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चैथा स्तंभ है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता लाना, सच्चाई को उजागर करना और आम जनता की आवाज बनना है। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने सच्चाई, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। अंत में स्कूल प्रिंसिपल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया