विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मुलाकात की, क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों पर की चर्चा

 

लेह, 26 जून (हि.स.)। विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मुलाकात की और क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों जिनमें पर्यावरणीय चिंताएं, जल संकट और सीमा सुरक्षा शामिल हैं पर चर्चा की।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली समिति ने उपराज्यपाल से मुलाकात की। समिति सोमवार से शुरू हुए जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के चार दिवसीय दौरे पर है जिसका उद्देश्य रणनीतिक सीमा सुरक्षा और विदेश नीति के मुद्दों की समीक्षा करना है। सक्सेना ने शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा कि लद्दाख दौरे के दौरान सांसद डॉ. शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति के साथ सार्थक और उपयोगी बातचीत हुई। उपराज्यपाल के अनुसार समिति ने लद्दाख की प्रमुख चुनौतियों और उनके समाधान के लिए उठाए जा रहे उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।

सक्सेना ने बताया कि उन्होंने समिति को लद्दाख के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र, पर्यावरणीय चुनौतियों और क्षेत्र में बढ़ते जल संकट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समिति को हिम सरोवर परियोजना, सिंधु जल समृद्धि अभियान के तहत निर्मित पत्थर के बांधों और इन चुनौतियों को कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियानों जैसी पहलों के बारे में जानकारी दी।

उपराज्यपाल ने कहा कि समिति ने इन प्रयासों की सराहना की और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। संसदीय समिति भारत-चीन संबंधों, भारत-पाकिस्तान संबंधों और सीमावर्ती क्षेत्रों में समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र का दौरा कर रही है। अपने दौरे के दौरान संसदीय समिति ने सीमा प्रबंधन और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करने के लिए जम्मू, श्रीनगर, कारगिल और लेह का दौरा किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता