भाजयुमो की नई टीम से परिचय बैठक, युवा शक्ति को संगठन की मजबूती का आह्वान
जम्मू, 21 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), जम्मू-कश्मीर ने अपने अध्यक्ष अरुण प्रभात के नेतृत्व में त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में नवगठित टीम के साथ परिचय बैठक आयोजित की। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने युवा कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, संगठन महासचिव अशोक कौल, उपाध्यक्ष एवं बीजेवाईएम प्रभारी राकेश महाजन, महासचिव बलदेव सिंह बिलावरिया और गोपाल महाजन सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
नेताओं ने नवगठित टीम जिसमें राज्य पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, जिला अध्यक्ष और जिला महासचिव शामिल हैं को बधाई देते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती पर जोर दिया। सत शर्मा ने अपने संबोधन में भाजपा की वैचारिक विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि युवा मोर्चा को जमीनी स्तर पर संगठन की रीढ़ बनना होगा और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनानी होगी। वहीं अशोक कौल ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे पार्टी की सफलता का आधार बताया। वहीं, राकेश महाजन ने युवाओं के उत्साह और नवाचार को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अरुण प्रभात ने युवाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के प्रति बीजेवाईएम की प्रतिबद्धता दोहराई और आश्वासन दिया कि मोर्चा युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करेगा। बैठक का संचालन महासचिव अनंत खजूरिया ने किया, जबकि महासचिव रणजीत सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा