भलवाल के गांव रंजन में कस्टोडियन भूमि पर अवैध निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जम्मू,, 02 मार्च (हि.स.)।
जम्मू के भलवाल क्षेत्र के गांव रंजन में कस्टोडियन भूमि पर हुए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बिना अनुमति बनाई गई दो दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया है जबकि अन्य अवैध ढांचों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई तहसीलदार मोनिका शर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर डा दीपक कुमार, एसडीएम जम्मू नॉर्थ (जेकेएएस) के निर्देशों पर की गई। जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 2448, जो केवल कृषि उपयोग के लिए आवंटित था, उस पर नियमों की अनदेखी कर पांच दुकानों का निर्माण किया जा रहा था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टोडियन भूमि का व्यावसायिक उपयोग किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसडीएम नॉर्थ ने अवैध ढांचों को हटाने के साथ-साथ संबंधित भूमि आवंटन को रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता