बाल श्रम संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन पर बीआर एग्रोटेक लिमिटेड पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 


कठुआ, 29 सितंबर (हि.स.)। औद्योगिक इकाई में बाल श्रम की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 18 लड़कियों समेत 28 बच्चों को रेस्क्यू किया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि हटली मोड़ स्थित बीआर एग्रोटेक लिमिटेड में संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को तत्काल चिकित्सकीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बच्चों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति कठुआ के समक्ष पेश किया गया। संयुक्त निरीक्षण टीम में तहसीलदार कठुआ विक्रम कुमार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी वरुण कुमार चौधरी, सहायक श्रम आयुक्त मुनीर हुसैन के अलावा जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ सभी औद्योगिक इकाइयों के लिए सरकारी कानूनों और नियमों का पालन अनिवार्य है।

बाल श्रम से संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, पुनर्वास और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया