बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग

 


जम्मू, 03 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आरिफ ने शनिवार को आरएस पुरा और सुचेतगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर हालिया ओलावृष्टि और भारी बारिश से प्रभावित धान की फसल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में जलभराव होने से खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

मोहम्मद आरिफ ने केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार से प्रभावित गांवों में विशेष टीमें भेजकर फसल नुकसान का पारदर्शी सर्वे करवाने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने गंभीर रूप से प्रभावित किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण माफ करने के साथ आगामी फसल के लिए रियायती दरों पर बीज और खाद उपलब्ध करवाने तथा बिजली शुल्क में राहत देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि आरएस पुरा, अरनिया और सुचेतगढ़ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर है इसलिए प्रभावित किसानों तक बिना देरी राहत पहुंचाई जानी चाहिए। दौरे के दौरान पूर्व पंचायत सदस्य सनी कुमार, कुलदीप राज और सुरेश रिफ्यूजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा