बारामूला में तलाशी अभियान के दौरान एक चीनी निर्मित पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद

 

जम्मू, 09 जून (हि.स.)। बारामूला जिले में तलाशी अभियान के दौरान एक चीनी निर्मित पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि यह बरामदगी 7 जून को एक मोबाइल वाहन चेकिंग प्वाइंट पर विदेशी निर्मित पिस्तौल जब्त होने के बाद दर्ज किए गए मामले की जांच के दौरान की गई।

उन्होंने बताया कि बारामूला पुलिस और 52 राष्ट्रीय राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने कनिस्पोरा क्षेत्र के चंदसुमा में एक मारुति ब्रेज़ा को रोका। तलाशी के दौरान एक सह-यात्री जिसकी पहचान कमलकोट, उरी निवासी वकील अहमद थीकरी के रूप में हुई से तुर्की निर्मित कैनिक टीपी9एसएफ एमईटीई पिस्तौल बरामद की गई।

गिरफ्तारी के बाद शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस ने 8 जून को एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कमालकोट के कालसी हरदू में तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान चीन निर्मित पिस्तौल, मैगज़ीन और गोला-बारूद बरामद कर जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है और इससे एक व्यापक अवैध हथियार नेटवर्क से संभावित संबंध का संकेत मिलता है। आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह