टीबी मुक्त कठुआ के लिए सामुदायिक भागीदारी जरूरी-डॉ. भारत भूषण

 


कठुआ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला क्षय केंद्र कठुआ की ओर से जिला स्तरीय जोश टीम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, नवगठित जोश टीम के सदस्यों और विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सीएमओ कठुआ डॉ. विजय रैना, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राधा कृष्ण और मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुमन मौजूद रहे। जोश टीम के सदस्यों को टीबी उन्मूलन के लिए उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मुक्त कठुआ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामुदायिक भागीदारी, जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना जरूरी है।

कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायतों के सरपंचों को उनके योगदान के लिए प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं निक्षय मित्रों और टीबी विजेताओं को भी टीबी उन्मूलन अभियान में उनके समर्पण और सहयोग के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया