जम्मू-कश्मीर प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 49 आईएएस जेकेएस अधिकारियों के तबादले; कई जिलों के उपायुक्त बदले

 

जम्मू,, 07 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 49 आईएएस और जेकेएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 7 अक्टूबर 2026 को जारी सरकारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ प्रशासनिक सचिवों के विभाग बदलने के साथ जम्मू सहित कई जिलों के उपायुक्त भी बदले गए हैं।

आदेश के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शालीन काबरा, जो वित्त आयुक्त जल शक्ति हैं, को राजस्व विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. आशीष चंद्र वर्मा को कृषि उत्पादन विभाग का वित्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। एम. राजू से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का प्रभार वापस लिया गया है और उन्हें आतिथ्य एवं प्रोटोकॉल के साथ आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

आर. एलिस वाज को परिवहन विभाग का आयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है और उनके पास नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। सौगत बिस्वास को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का आयुक्त सचिव और सरमद हफीज को युवा सेवा एवं खेल विभाग का आयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

जम्मू के संभागीय आयुक्त रहे रमेश कुमार का तबादला कर उन्हें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें संस्कृति विभाग के प्रशासनिक सचिव और नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर सरकार के स्थानिक आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं विकास कुंडल को जम्मू का नया संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है।

अवनी लवासा को पर्यटन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है और वह जनजातीय मामलों के विभाग का प्रभार भी संभालती रहेंगी। अंजलि सहरावत को जन शिकायत विभाग का सचिव और माजिद खलील द्राबू को पंजीकरण महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।

राहुल यादव को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रशासनिक सचिव बनाया गया है। उनके पास जम्मू-कश्मीर पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। ओवैस अहमद को योजना, विकास एवं निगरानी विभाग का प्रशासनिक सचिव बनाया गया है और उन्हें कौशल विकास निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सागर डोईफोडे दत्तात्रय को समाज कल्याण विभाग का प्रशासनिक सचिव नियुक्त किया गया है।

बड़े फेरबदल में कई महत्वपूर्ण संस्थानों और विभागों के प्रमुख भी बदले गए हैं। राकेश मिन्हास को राज्य स्वास्थ्य एजेंसी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड का अध्यक्ष, आकृति सागर को जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक और अतहर आमिर खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

नगर निगमों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। बशारत कयूम को श्रीनगर नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है और वह श्रीनगर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं आयुषी सूदन को जम्मू नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

जिला प्रशासन में भी व्यापक फेरबदल हुआ है। मिंगा शेरपा को जम्मू का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि देवांश यादव को राजौरी का उपायुक्त बनाया गया है। अभिषेक शर्मा को राजौरी से स्थानांतरित कर कुपवाड़ा का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

इसी तरह रूपेश कुमार को सांबा, जतिन किशोर को बडगाम, श्रेया सिंघल को गांदरबल और अनंत द्विवेदी को उधमपुर का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

जेकेएएस अधिकारियों में कुलदीप कृष्ण सिद्धा को पुलवामा का उपायुक्त, जबकि चरणदीप सिंह को शोपियां का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। ममता यादव को सूचना निदेशक बनाया गया है, जबकि फजलुल हसीब को कृषि उत्पादन विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

उपराज्यपाल के आदेश पर सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी इस व्यापक फेरबदल में प्रशासनिक सचिवों से लेकर जिला उपायुक्तों और विभिन्न विभागों तथा संस्थानों के प्रमुखों तक बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता