गरजे रमण भल्ला : भाजपा सरकार पर साधा तीखा निशाना, पंचायत व निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से तैयार रहने का आह्वान, जनसमस्याओं को लेकर उठाए कई मुद्दे

 


जम्मू, 25 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने आरएस पुरा के शिव नगर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा-नीत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य का दर्जा बहाल न करने, बेरोजगारी, कमजोर जनसेवाओं और विदेश नीति सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। भल्ला ने आगामी पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव और वार्ड स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत पंचायती राज व्यवस्था ही जनभागीदारी की नींव है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोगों की आवाज बुलंद करनी चाहिए।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम द्वारा किया गया जिन्होंने हाल ही में कांग्रेस में वापसी की है। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, किसान, युवा और व्यापारी उपस्थित रहे। भल्ला ने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के विस्थापितों को एसटी-2 का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि इन समुदायों को दशकों से न्याय नहीं मिला है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंडो-यूएस व्यापार के असर से कृषि, हस्तशिल्प और छोटे उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। एलपीजी सिलेंडरों की कमी, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने इसे “सामाजिक आपातकाल” बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने किसानों की समस्याओं, व्यापारियों की मुश्किलों, स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में स्टाफ की कमी तथा पेयजल और बिजली की समस्याओं को भी उठाया।

भल्ला ने राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी को लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ विश्वासघात बताते हुए कहा कि इसे बिना और देरी के बहाल किया जाना चाहिए। इस अवसर पर चौधरी गरु राम ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनहित की नीतियों के कारण कांग्रेस में वापसी की है और लोगों से कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा