कृष्ण लाल शर्मा की 24वीं पुण्यतिथि पर अखनूर में बहुभाषी मुशायरे का आयोजन

 

जम्मू, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी ने एम्प्लॉइज वेलफेयर फोरम अखनूर और चंद्रभागा संस्कृति मंच के सहयोग से शुक्रवार को जिया पोता मंदिर में बहुभाषी मुशायरे का आयोजन किया। कार्यक्रम में शिक्षाविद्, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय कृष्ण लाल शर्मा की 24वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में अखनूर के विधायक मोहन लाल भगत मुख्य अतिथि जबकि पूर्व विधायक राजीव शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शुरुआत में ओपी शाकर ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद कृष्ण लाल शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित की गई। ओपी शाकर ने उनके जीवन, उपलब्धियों और सामाजिक, शैक्षणिक एवं साहित्यिक योगदान पर विस्तृत वक्तव्य भी प्रस्तुत किया।

मोहन लाल भगत ने कहा कि कृष्ण लाल शर्मा ने शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्श और जनकल्याण के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। राजीव शर्मा ने भी उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।

बहुभाषी मुशायरे में विभिन्न भाषाओं के कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से दिवंगत साहित्यकार को याद किया। इसमें ओपी शाकिर, केवल कृष्ण केवल, मोहन भारती, नसीब सिंह नसीब, वीरेंद्र मिश्रा, ममता शर्मा, किरण प्रभा, अरविंदर महोत्रा, मोहन सिंह जम्वाल, अशोक खजूरिया, राम स्वरूप और डॉ. सोनिया वर्मा ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सतींद्र कुमार ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा