एसएमवीडीयू बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों ने गेट 2026 में लहराया परचम, प्रदेश का नाम किया रौशन
जम्मू, 21 मार्च (हि.स.)। कटड़ा स्थित श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने गेट 2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा आईआईटी गुवाहाटी द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली छात्रों ने भाग लिया। एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी के पोस्टग्रेजुएट छात्रों में राजकुमार (बायोटेक्नोलॉजी - बीटी), ओमेश (लाइफ साइंसेज - एक्सएल) और बदल शाह (लाइफ साइंसेज - एक्सएल) ने सफलता हासिल की। इसके अलावा, नियमित एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी प्रोग्राम की छात्रा मधु शर्मा, जो स्कूल के टिशू कल्चर लैब में अपने शोध कार्य में संलग्न हैं, ने भी लाइफ साइंसेज (एक्सएल) में गेट 2026 उत्तीर्ण किया।
सभी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय डीबीटी समर्थित एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी प्रोग्राम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और समन्वय को दिया। उन्होंने विशेष रूप से प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रो. शारदा एम. पोटुकुची और अपने प्रोजेक्ट सुपरवाइजर का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और प्रेरणा से यह उपलब्धि संभव हो पाई। छात्रों ने विश्वविद्यालय में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल, आधुनिक प्रयोगशालाओं और सभी फैकल्टी सदस्यों के सहयोग की सराहना की। वहीं, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के प्रमुख डॉ. अनिल कुमार और अन्य शिक्षकों ने छात्रों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रों ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार का भी आभार जताया, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रोत्साहन से संस्थान में उत्कृष्टता का वातावरण बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा