आईटीआई बसोहली में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम, 200 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग

 


कठुआ/बसोहली, 23 फरवरी (हि.स.)। लघु उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय जम्मू द्वारा आईटीआई बसोहली में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा कारीगरों और आईटीआई छात्रों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त निदेशक ए.के. तमरिया के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन कठुआ के सहयोग से किया गया। शुरुआत में विशाली शर्मा ने स्वागत संबोधन में युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। सहायक निदेशक देवेंद्र कुमार त्यागी ने एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं आईटीआई बसोहली की अधीक्षक अर्चना देवी ने नवाचार, कौशल विकास और सक्रिय भागीदारी को सफल उद्यमिता की कुंजी बताया। डीआईसी कठुआ के शिवांग गुप्ता ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और अन्य योजनाओं की जानकारी दी। इसी प्रकार धीरज हांडू ने जे-के स्टार्टअप नीति और स्टार्टअप समर्थन तंत्र पर प्रकाश डाला। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कठुआ की निदेशक उत्पला सैकिया ने वित्तीय समावेशन, ऋण सुविधाओं और बैंकिंग उत्पादों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन शाहिद हुसैन वानी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें युवाओं में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया