आईटीआई बनी में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
कठुआ/बनी, 24 फरवरी (हि.स.)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के फील्ड कार्यालय एमएसएमई-डेवलपमेंट एंड फैसिलिटेशन ऑफिस जम्मू द्वारा जिला प्रशासन कठुआ के सहयोग से सरकारी आईटीआई बनी में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं तथा पीएम विश्वकर्मा कारीगरों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा कारीगरों और आईटीआई छात्रों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। एमएसएमई-डीएफओ जम्मू के यंग प्रोफेशनल शाहिद हुसैन वानी ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए युवाओं से स्वरोजगार के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। एमएसएमई के सहायक निदेशक देवेंद्र कुमार त्यागी ने मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।
वहीं आईटीआई बनी के अधीक्षक राकेश कुमार ने उद्यम स्थापना में कौशल विकास, नवाचार और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला उद्योग केंद्र कठुआ के प्रतिनिधि विश्व प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) तथा अन्य योजनाओं के तहत उपलब्ध सब्सिडी और वित्तीय सहायता की जानकारी दी। जेकेईडीआई के प्रतिनिधि धीरज हांडू ने स्टार्टअप नीति, मेंटरशिप और फंडिंग अवसरों पर प्रकाश डाला जबकि आरएसईटीआई (एसबीआई) कठुआ के प्रतिनिधि अशोक कुमार ने बैंकिंग सुविधाओं और ऋण योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन जिला उद्योग केंद्र कठुआ के फंक्शनल मैनेजर जोनी कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने युवाओं में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सभी संस्थाओं की प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया