अमर महल म्यूजियम पहुंचे संसदीय समिति के सदस्य, विरासत संरक्षण की सराहना
जम्मू, 24 जून (हि.स.)। संसद की विदेश मामलों संबंधी स्थायी समिति ने सोमवार को जम्मू दौरे के दौरान अमर महल म्यूजियम एवं लाइब्रेरी का दौरा किया। समिति का नेतृत्व लोकसभा सांसद डॉ. शशि थरूर कर रहे थे जबकि प्रतिनिधिमंडल में सांसद असदुद्दीन ओवैसी सहित कई अन्य सदस्य भी शामिल थे। दौरे के दौरान सांसदों ने महल संग्रहालय का विस्तृत अवलोकन किया जहां उन्हें कला और विरासत से जुड़ी दुर्लभ धरोहरों से परिचित कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बसोहली लघु चित्रकला की प्रसिद्ध नल-दमयंती श्रृंखला तथा डॉ. कर्ण सिंह के निजी पुस्तक संग्रह वाली लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।
डॉ. शशि थरूर ने संग्रहालय द्वारा विरासत महल के संरक्षण और इसकी भव्य वास्तुकला को सहेजने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध दुर्लभ पुस्तकों के संग्रह को भी सराहनीय बताया। वहीं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि संग्रहालय जम्मू-कश्मीर के डोगरा शाही परिवार के इतिहास, विरासत और योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है जिससे आगंतुकों को क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को समझने का अवसर मिलता है।
अमर महल म्यूजियम एवं लाइब्रेरी के ट्रस्टी मार्तंड सिंह ने कहा कि संसदीय समिति का दौरा इस संस्थान की सांस्कृतिक महत्वता और जम्मू-कश्मीर की समृद्ध विरासत के संरक्षण में इसकी भूमिका को रेखांकित करता है। समिति के सदस्यों ने संग्रहालय द्वारा क्षेत्र की कला, संस्कृति और इतिहास को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने के प्रयासों की भी सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा