अनंतनाग सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग में अनियमितताओं और धोखाधड़ी की जांच शुरू, जांच लंबित रहने तक संबंधित डॉक्टर निलंबित

 

श्रीनगर, 20 जून (हि.स.)।स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने आज पुष्टि की कि सरकार ने अनंतनाग सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग में अनियमितताओं और धोखाधड़ी की जांच शुरू कर दी है और संबंधित डॉक्टर को जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया गया है।

विभाग में घोटाले के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अधिकारी जांच के निष्कर्षों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सकीना इटू ने मरीजों और आम जनता के बीच चिंता पैदा करने वाले आरोपों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हमने जांच शुरू कर दी है और संबंधित डॉक्टर को निलंबित कर दिया है। कार्डियोलॉजी विभाग में धोखाधड़ी के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट को अंतिम रूप दिए जाने से पहले निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने दीजिए।

मंत्री ने आगे इस बात पर जोर दिया कि सरकार स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पहले ही जांच शुरू कर दी गई थी। अब हम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा उसे कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।

जीएमसी अनंतनाग के कार्डियोलॉजी विभाग से जुड़े आरोपों ने व्यापक जन बहस छेड़ दी है और विभिन्न पक्षों से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठ रही है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता