अधिवक्ता की गिरफ्तारी के प्रयास पर कांग्रेस ने जताया विरोध, बार एसोसिएशन जम्मू को दिया समर्थन
जम्मू, 05 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) ने जम्मू हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा अदालत परिसर से एक अधिवक्ता को कथित रूप से गिरफ्तार करने के प्रयास के विरोध में उठाए गए मुद्दे का समर्थन किया है। एक बयान में जेकेपीसीसी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने श्रीनगर पुलिस द्वारा जम्मू स्थित अदालत परिसर में अधिवक्ता रंजीत सिंह (रनजोध सिंह) को जमानती धाराओं से जुड़े मामले में कथित रूप से गिरफ्तार करने के प्रयास पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने इस घटना को विधि व्यवसाय की स्वतंत्रता और गरिमा पर आघात बताते हुए इसकी निंदा की। रविंद्र शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई अधिवक्ताओं के प्रति भय और दबाव का वातावरण बनाने का प्रयास प्रतीत होती है जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करते हुए किसी भी कार्रवाई को पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किया जाना चाहिए।
जेकेपीसीसी ने जम्मू हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए पुलिस से अपील की कि वह कानून के अनुरूप कार्य करे तथा अधिवक्ता रंजीत सिंह के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कथित डराने-धमकाने वाली कार्रवाई से परहेज करे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा