युवा राजपूत सभा-जम्मू कश्मीर ने निकाली नशा विरोधी जागरूकता रैली
जम्मू, 12 मई (हि.स.)। युवा राजपूत सभा-जम्मू कश्मीर के 14वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जम्मू में नशे के खिलाफ एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य समाज विशेषकर युवाओं को नशे के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक करना था।
रैली ऐतिहासिक महाराजा हरि सिंह पैलेस से शुरू होकर महाराजा हरि सिंह प्रतिमा पर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों और संगठन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशे को भगाना है, देश को बचाना है”, “बंद करो बंद करो, नशे का धंधा बंद करो” और “सेव फ्यूचर, से नो टू ड्रग्स” जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष मनदीप सिंह रिम्पी ने कहा कि नशा आज युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है और इसके खिलाफ समाज को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों, धार्मिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को भी युवाओं को सही दिशा देने के लिए आगे आना होगा। सभा के कोर कमेटी सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष राजन सिंह हैप्पी ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य, परिवारों और समाज को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल देते हुए युवाओं की बड़ी भागीदारी की सराहना की।
कोर कमेटी सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह विक्की ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवाओं में अपार क्षमता है लेकिन नशा समाज को भीतर से कमजोर करने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने युवाओं को खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया। वहीं सभा के मुख्य प्रवक्ता विशाल सिंह ने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जागरण का अभियान है। उन्होंने प्रशासन से शिक्षण संस्थानों और स्थानीय क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और नशे के शिकार युवाओं के पुनर्वास एवं काउंसलिंग की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
कोर कमेटी सदस्य राजिंदर सिंह और पुष्विंदर सिंह ने भी युवाओं से राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने का आह्वान किया। रैली में रोमेश सिंह, बहादुर सिंह, रंजीत सिंह, राजेश सिंह, बबलू सिंह, नीतू सिंह, अवतार सिंह कुल्लू, टीनू सिंह, सुमित ठाकुर, भानु प्रताप सिंह और भारत सिंह सहित कई वरिष्ठ सदस्य एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी बीच कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा