कराटे के दांव पेंच में दिखा युवाओं का दमखम

 




कठुआ, 27 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के दयालाचक में इंटर-डिस्ट्रिक्ट डिवीजन लेवल कराटे प्रतियोगिता के दूसरे दिन जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। ऑल एज ग्रुप बॉयज वर्ग की इस प्रतियोगिता में युवा कराटे खिलाड़ियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं वर्गों में मुकाबले करते हुए अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट तकनीक का परिचय दिया। मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बा देखते ही बनता था।

विभागीय स्तर पर आयोजित यह प्रतियोगिता उभरते हुए कराटे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं का अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान कर रही है। प्रतियोगिता का आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया