इंटर-कॉलेजिएट पावर-लिफ्टिंग प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दम-खम

 


जम्मू, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू के जीजीएम साइंस कॉलेज ने एक बार फिर खेल क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए सत्र 2025–26 की पावर-लिफ्टिंग (पुरुष एवं महिला) इंटर-कॉलेजिएट प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप हासिल की। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छन्नी रामा, जम्मू स्थित ए-3 जिम में आयोजित हुई जहां कॉलेज के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कुल 24 अंक अर्जित किए।

पुरुष वर्ग में कॉलेज ने 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। हनी शर्मा ने 74 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वैभव ठाकुर ने 93 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ-साथ इसी वर्ग में रजत पदक भी जोड़ा। कनव डोगरा ने 120 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यश देव सिंह ने 66 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता जबकि मोहम्मद इरफान ने 93+ किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया।

महिला वर्ग में नबीहा फातिमा ने 57 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज की उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पावर-लिफ्टिंग केवल खेल नहीं बल्कि अनुशासन, धैर्य और मानसिक दृढ़ता का प्रतीक है। उन्होंने आई/सी निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं खेल डॉ. देविंदर कुमार शर्मा, प्रो. विशाल शर्मा (स्पोर्ट्स इंचार्ज, पावर-लिफ्टिंग पुरुष टीम) तथा डॉ. बिलाल अहमद मल्ला (पी.टी.आई.) के प्रयासों की भी सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा