नीट पेपर लीक पर फूटा युवाओं का गुस्सा-कठुआ में यूथ कांग्रेस का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
कठुआ, 27 मई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कठुआ में यूथ कांग्रेस इकाई ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए युवा कार्यकर्ताओं ने शहर के शहीदी चाैक पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष मार्च निकाला। मार्च के दौरान युवाओं के हाथों में तख्तियां थीं जिन पर “शिक्षा प्रणाली बचाओ, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो और शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो जैसे नारे लिखे हुए थे। यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान साहिल अंडोत्रा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में अभिषेक अंडोत्रा, प्रिंस अंडोत्रा, कार्तिक शर्मा, लव स्लाथिया, हरविंदर सिंह, नीरज चाैधरी, विपुल गुप्ता, शोहेब अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। उन्होंने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ बड़ा मजाक कर रही है। बार-बार पेपर लीक होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार युवाओं के प्रति गंभीर नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। इससे मेहनती छात्रों का मनोबल लगातार गिर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार नौकरी नहीं दे पा रही, कम से कम युवाओं को पढ़ने और ईमानदारी से परीक्षा देने का अवसर तो दे। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से उन गरीब छात्रों की पीड़ा को उजागर किया जो दूर-दराज क्षेत्रों से खर्च उठाकर परीक्षा देने आते हैं। उन्होंने कहा कि कई छात्र एक-दो दिन पहले पहुंचते हैं, किराया, रहने और खाने का खर्च उठाते हैं लेकिन पेपर लीक की खबर आने के बाद उनकी सारी मेहनत और पैसा बेकार हो जाता है। इसकी भरपाई कौन करेगा। युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मंत्री को पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं जो छात्रों के भविष्य की रक्षा नहीं कर पा रहा। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर इसी तरह युवाओं के साथ अन्याय होता रहा तो भविष्य में बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो सकता है जिसे संभालना सरकार के लिए मुश्किल होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया