खेल मैदान में दिखा युवाओं का जोश, 12 जोन के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
कठुआ, 21 अगस्त (हि.स.)। स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में शुक्रवार को लड़के और लड़कियों के लिए इंटर-जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 12 जोन के खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन महानिदेशक युवा सेवा एवं खेल विभाग अनुराधा गुप्ता के दिशा-निर्देशों तथा जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कठुआ सुनील कुमार की देखरेख में किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त कठुआ महिमा मदान ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण ने भी खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान अंडर-19 लड़कों की कबड्डी के सेमीफाइनल में हीरानगर जोन ने मढ़हीन जोन को 21 अंकों से हराया। वॉलीबॉल में मल्हार जोन ने लखनपुर को 2-1 सेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खो-खो में लखनपुर ने मढ़हीन को एक पारी और दो अंकों से पराजित किया। फुटबॉल में सल्लन ने बसोहली को 2-0 तथा लखनपुर ने बिलावर को 3-1 से मात दी। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न खेलों में जिला टीमों का चयन किया जाएगा जो आगामी इंटर-डिस्ट्रिक्ट डिविजनल/प्रोविंशियल स्तर की प्रतियोगिताओं में कठुआ का प्रतिनिधित्व करेंगी। कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त भारत अभियान का संदेश देते हुए युवाओं को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया