नशामुक्त समाज का संदेश घर-घर पहुंचाएं युवा-डॉ. भारत भूषण

 


श्रीनगर, 27 सितंबर (हि.स.)। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत माय भारत जम्मू-कश्मीर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से राजकीय श्री प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण मुख्य अतिथि रहे और उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. भारत भूषण ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए निरंतर जनभागीदारी जरूरी है। युवा इस अभियान के केंद्र में हैं और उन्हें नशामुक्त समाज का संदेश अपने परिवारों और समुदायों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को शुरू किया गया नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान नशे के खिलाफ 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है जिसमें युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की गई है।

माय भारत के जेएंडके रिसोर्स पर्सन एवं नेशंस डेवलपमेंट एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील सिंह चारक ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इसकी सफलता युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का संदेश विद्यालय परिसर से बाहर भी पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं युवा सहभागिता गतिविधियां आयोजित की गईं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया जिसमें विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम राज्य निदेशक माय भारत जम्मू-कश्मीर नितिन हंगलू के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया