लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भागीदारी जरूरी-प्राचार्य

 


कठुआ, 31 अगस्त (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में सोमवार को स्वीप सेल के तत्वावधान में लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में 15 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल के मार्गदर्शन और स्वीप सेल के संयोजक डॉ. यशपाल शर्मा की देखरेख में हुआ। निबंधों का मूल्यांकन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. नीरज शर्मा, हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. जगमोहन शर्मा और राजनीति विज्ञान विभाग की प्रो. दीपिका शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में शारदा पंगोत्रा ने प्रथम, शिवानी देवी ने द्वितीय और भूमिका जसरोटिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी जागरूकता व सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया