कठुआ में युवा निकालेंगे जेन जी तिरंगा रैली, 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ 5 किलोमीटर का सफर
कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और वीर शहीदों के सम्मान को समर्पित जेन-जी तिरंगा रैली का आयोजन कठुआ में किया जाएगा। रैली में करीब 500 युवा उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। इस दौरान युवा लगभग 300 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर करीब पांच किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए राजेश मेहता, रणजीत सिंह पठानिया, सनी शर्मा, दमनजीत सिंह और अनिल जसरोटिया ने बताया कि रैली का शुभारंभ सुबह 8 बजे शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी चौक से होगा और इसका समापन शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी रेलवे स्टेशन कठुआ में किया जाएगा।
रैली शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी चौक से शुरू होकर भगत सिंह चौक, हटकी मोड़, हटकी मोड़ पुलिस चौकी से होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना तथा देश के वीर शहीदों के बलिदान को नमन करना है। रैली के माध्यम से जेन-जी युवाओं को तिरंगे और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। युवाओं की बड़ी भागीदारी के साथ आयोजित होने वाली यह रैली राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देगी। रैली का आयोजन राजेश मेहता, रणजीत सिंह पठानिया, सनी शर्मा, दमनजीत सिंह और अनिल जसरोटिया द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने युवाओं से रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया