कठुआ में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन, पुलिस से झड़प के बाद कार्यकर्ता हिरासत में

 


कठुआ, 22 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए लाठीचार्ज के विरोध में इंडियन यूथ कांग्रेस ने कठुआ में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका जिस पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन के दौरान जैसे ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन कर रहे थे कठुआ पुलिस मौके पर पहुंची और पुतला छीनने का प्रयास किया। इस दौरान स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने बाद में कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया जिसके विरोध मे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष साहिल अंडोत्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे थे लेकिन पुलिस ने जबरन हस्तक्षेप करते हुए पुतला छीन लिया और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना उनका संवैधानिक अधिकार है जिसे दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को बर्बरता बताते हुए कहा कि उसी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कठुआ में यह प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप था कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि दिल्ली में लाठीचार्ज के दौरान कई पुलिसकर्मी बिना नेम प्लेट और कुछ लोग सिविल कपड़ों में मौजूद थे जिन्होंने भी बल प्रयोग किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया