बिशनाह के खैरी गांव में युवक गौरव राज से लाठियों से मारपीट का आरोप
जम्मू,, 11 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू के बिशनाह क्षेत्र के खैरी गांव में बीती देर शाम एक युवक के साथ कथित तौर पर लाठियों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसे गौरक्षक समझकर निशाना बनाया और मारपीट करने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवक और उसकी मां ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित युवक की पहचान गौरव राज, पुत्र स्वर्गीय अजीत कुमार, निवासी चंग गांव के रूप में हुई है। गौरव राज के अनुसार, वह काम सीखने के लिए नियमित रूप से चकड़ा गांव आता-जाता है।
गौरव राज ने आरोप लगाया कि बीती देर शाम खैरी गांव में कुछ लोगों ने उसे रोककर लाठियों से पीटा। युवक का दावा है कि हमलावरों ने उसे गौरक्षक समझकर उसके साथ मारपीट की। उसने हमलावरों के एक विशेष समुदाय से संबंधित होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वास्तविक वजह की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित युवक ने कहा कि वह रोजाना काम सीखने के लिए इस रास्ते से आता-जाता है और उसे डर है कि भविष्य में उसके साथ दोबारा ऐसी घटना हो सकती है।
वहीं, युवक की मां ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने या किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता