अंडर-14 खो-खो में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कठुआ, 16 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के दयालाचक में चल रही अंतर-जिला डिवीजन स्तरीय अंडर-14 बालिका खो-खो प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न जिलों की युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन टीमवर्क, तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
पूल-ए के मुकाबलों में डोडा ने पुंछ को 4 अंक और एक पारी से हराया जबकि ऊधमपुर ने किश्तवाड़ को एक अंक और एक पारी से पराजित किया।
पुंछ ने रियासी को दो अंकों से तथा डोडा ने किश्तवाड़ को सात अंकों से मात दी। पूल-बी में जम्मू ने राजौरी को एक पारी और चार अंकों से हराया।
कठुआ ने सांबा को छह अंक और एक पारी से पराजित किया। इसके बाद जम्मू ने रामबन को एक अंक और एक पारी से तथा कठुआ ने राजौरी को आठ अंक और एक पारी से शिकस्त दी। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही है। साथ ही इससे खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।
प्रतियोगिता का आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग, कठुआ की देखरेख में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें उच्च स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध करवाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया