यंग ब्लड ऑर्गेनाइजेशन ने डीआईजी से की भेंट, व्यापक जागरूकता अभियान का ऐलान
जम्मू, 10 अप्रैल (हि.स.)। आॅल इंडिया यंग ब्लड ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधिमंडल ने डीआईजी श्रीधर पाटिल से मुलाकात कर क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या पर गहन चर्चा की। संगठन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा युवाओं को भीतर से कमजोर कर रहा है और यह एक व्यापक सामाजिक संकट बन चुका है।
इस अवसर पर विरेंद्र महाजन, राबिया खजुरिया एवं बलदीप कौर ने नशा विरोधी अभियान को जन आंदोलन का रूप देने पर बल दिया तथा अगले तीन महीनों में स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाने की घोषणा की। संदीप मेहता ने पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं डीआईजी श्रीधर पाटिल ने कहा कि नशे का दायरा अब गांवों तक फैल चुका है, जिससे युवाओं की सुरक्षा हेतु सामूहिक प्रयास अनिवार्य हो गए हैं। संगठन ने समाज, प्रशासन और युवाओं के संयुक्त सहयोग से नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर के निर्माण का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया