जीडीसी महानपुर में एनएसएस इकाई द्वारा योग व ध्यान सत्र आयोजित

 


कठुआ, 11 जुलाई (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर की एनएसएस इकाई द्वारा विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन के मार्गदर्शन में तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रूपाली जसरोटिया के समन्वय में किया गया। सत्र की शुरुआत वार्म-अप अभ्यासों से हुई जिसके बाद विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित किया। भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. बिंती शर्मा ने भी स्वयंसेवकों को योग व ध्यान को जीवनशैली में अपनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित रूप से योग व ध्यान अपनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया